एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

वाटर एटीएम चलाने का जिम्मा महिलाओं के हाथ

ब्यूरो/अमर उजाला, सोलन Updated Mon, 09 May 2016 11:11 PM IST
विज्ञापन
वाटर एटीएम से पानी पीतीं छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

Next Article


और पढ़ें
विज्ञापन
विज्ञापन
डोर टू डोर गारबेज की व्यवस्था के बाद अब शहर में प्रस्तावित सभी छह वाटर एटीएम का संचालन महिलाएं करेंगी। तपती गर्मी के बीच शहर में वाटर एटीएम के माध्यम से लोगों को 50 पैसे में एक लीटर ठंडा फिल्टर पानी मुहैया करवाने का जिम्मा महिलाओं के कंधों पर होगा।

नगर परिषद ने वाटर एटीएम के संचालन का कार्य महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप को दे दिया है। पानी उपलब्ध करवाने के साथ एटीएम के रखरखाव की जिम्मेवारी भी महिलाओं की होगी। होम और कामर्शियल डिलीवरी की व्यवस्था भी महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप ही देखेंगे। इससे होने वाले लाभ को इन सेल्फ हेल्प ग्रुप में साझा किया जाएगा।
विज्ञापन


दावा किया जा रहा है कि इससे न केवल महिलाओं के लिए रोजगार का सृजन होगा बल्कि महिलाएं इस तरह के संचालन से आत्मनिर्भर भी बन सकेंगी। घरों, स्कूलों और आफिसों तक पानी पहुंचाने के लिए ली जाने वाली राशि से लाभ महिलाओं को मिलेगा। जिला प्रशासन के सहयोग से इन एटीएम को स्थापित किया जा रहा है। सोलन में तीन वाटर एटीएम का ट्रायल शुरू हो गया है। शेष तीन जल्द स्थापित होंगे।

यहां ट्रायल में मिलेगा मुफ्त फिल्टर पानी
अस्पताल, चिल्ड्रन पार्क और ठोडो ग्राउंड के पास वाटर एटीएम का ट्रायल शुरू कर दिया है। फिलहाल लोगों को मुफ्त पानी दिया जा रहा है। ट्रायल सफल होने के बाद पचास पैसे प्रति लीटर के हिसाब से पानी मिलेगा। ट्रायल के बाद सन्नी साइड, कोटलानाला और गंज बाजार में वाटर एटीएम स्थापित करने का प्रावधान है।

कार्ड से भी होगा भुगतान
वाटर एटीएम का प्रयोग करने वालों को सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा कार्ड के माध्यम से पानी के बिल के डिपोजिट करने की सुविधा दी जा रही है। इसमें राशि एडवांस में डाली जाएगी। उपभोक्ता इस कार्ड के माध्यम से पानी के लिए भुगतान कर पाएंगे। इस कार्ड का फायदा सभी उठा सकेंगे।

तो फिर दान की जाएंगी मशीनें
शिमला में वाटर एटीएम कामयाब नहीं रहे हैं। महिलाएं वाटर एटीएम चलाने में नाकाम रहीं या लोगों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई तो सभी वाटर एटीएम सोलन के सरकारी बड़े स्कूलों या कॉलेजों को दान कर दिए जाएंगे। इस संदर्भ में हाल ही में प्रशासन के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया जा चुका है।

होम डिलीवरी की भी सुविधा : नेगी
नप के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि एटीएम से पानी की होम डिलीवरी भी की जाएगी। इसका फायदा बुजुर्गों और उन लोगों को मिलेगा जो किसी कारण पानी लाने में असमर्थ हैं। नप अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि बाकी बचे तीन और वाटर एटीएम को लगाने का कार्य इस माह के अंत तक कर दिया जाएगा। वाटर एटीएम के संचालन का जिम्मा महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप को होगा।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें