मैहतपुर (ऊना)। कड़ाके की ठंड ने मैहतपुर में कारोबारियों के कारोबार को भी ठंडा कर दिया है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि कई दुकानदार तो सुबह घर से खाली आते हैं और शाम को खाली हाथ ही लौट जाते हैं। दवा, दारु और चाय की दुकानों पर अन्य दुकानों से अपेक्षाकृत ज्यादा ग्राहक देखे जा रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ दारु की दुकानों पर देखी जा रही है। शाम के वक्त तो दारु की दुकानों पर धक्का-मुक्की का सा माहौल होता है।
कंपकंपाती ठंड की वजह से कारोबार में औसतन 60 से 70 फीसदी तक कमी आ गई है। दिन भरे छाए रहने वाले कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ कारोबारियों के व्यापार को पूरी तरह से ठंडा कर दिया है। लोग बेहद जरूरी सामान की खरीद-फरोख्त को ही घर से निकलते हैं। शुष्क ठंड से बीमार लोग दवा की दुकानों और डाक्टरों के क्लीनिकों में पहुंच रहे हैं। अन्य कारोबारियों का धंधा इन दिनों मंदा ही चल रहा है। मुख्य बाजार और रेलवे रोड़ के कई दुकानदारों की मानें तो कड़कती ठंड से सुबह जैसे खाली आते हैं, वैसे ही शाम को खाली हाथ लौट रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक दुकान पर ग्राहक आए न आए दिन भर दुकानों पर बैठना उनकी मजबूरी है। हालांकि चाय की दुकानों पर औसतन से ज्यादा ग्राहक आने से चाय का धंधा ठीक चल रहा है।
चाय विक्रेता रमेश कुमार, भीष्म तथा गुरमेल सिंह ने कहा कि ठंड के कारण औसत से ज्यादा चाय बिक रही है। रेडीमेट गारमेंट के व्यवसायी संजय भारद्वाज, शिंटू, मनीश तथा राकेश कुमार ने कहा कि ठंड में उनका कारोबार बुरी तरह से प्रभावित है। उन्होंने माना कि कारोबार में औसतन 70 फीसदी तक बिक्री में कमी आ चुकी है।