हरोली(ऊना)। हरोली में आधार कार्ड ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। आलम यह है कि लोगों को आधार कार्ड को बनाने के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हरोली कार्यालय में आधार कार्ड बनाने को स्थापित की डाटा मशीन खराब हो गई है जिससे कार्य बंद हो गया है। ऐसे में लोगों की दिक्कतें कम होने की बजाए और बढ़ गई हैं। क्षेत्र के कामगारों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के तहत पड़ते गांव कुगड़त की सुनीता रानी का कहना है उन्होंने आधार कार्ड बनाने को अप्लाई किया था लेकिन कार्ड घर पहुंचने पर उन्होंने देखा की उसका नाम सुनीता रानी की जगह सुनीता देवी कर दिया है। वह चार दिनों से अपना नाम परिवर्तन के लिए चक्कर काट रही है पर उसका नाम परिवर्तन करने की कोई प्रक्रिया नहीं हुई।
वहीं स्थानीय निवासियों में अशोक कुमार, सोनिका, गुरविंद्र कौर, करतारो देवी, अनीता देवी, निर्मला देवी, मीरा देवी, प्रिंस, रमन का कहना है कि वह अपना काम काज छोड़ कर आधार कार्ड बनाने के लिए हरोली गए पर खाली हाथ लौटे। वहीं पता चला की डाटा फीड करने वाली मशीन खराब हो चुकी है। आधार कार्ड बनाने को हरोली बीडीओ कार्यालय के बाहर भारी भीड़ लगी रहती है। लोग सुबह से कतारों में खड़े होकर कर अपनी बारी इंतजार कर रहे होते हैं।
उपायुक्त अभिषेक जैन ने बताया कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिक आधार पर हल किया जाएगा। संबंधित विभाग को उचित निर्देश दिए जाएंगे।