मैड़ी (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अंब में चल रही अंब के खंड स्तरीय पाइका ख मंगलवार को संपन्न हो गए। समापन अवसर पर अंब स्कूल के प्रधानाचार्य सतीश कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर कार्यकारी जिला अधिकारी ईश्वर चौधरी, अंब खंड के इंचार्ज कुलदीप शर्मा, हैंडबाल कोच कांता पराशर, वालीबाल कोच सतीश शर्मा, फुटबाल कोच चंद्र मोहन शर्मा, एथलेटिक्स कोच भागीरथ चौधरी, राजेंद्र सिंह, विशाल धीमान, शिव लाल सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद थे। अंब खंड के इंचार्ज कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 500 से अधिक छात्र-छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। छात्रा वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मुबारिकपुर की स्नेहलता ने प्रथम, अंब की रेणु ने द्वितीय व कंचन ने तृतीय स्थान अर्जित किया। 400 मीटर में मुबारिकपुर की स्नेहलता ने पहला, दियाड़ा की सरिता ने दूसरा एवं शिवानी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर में स्नेहलता ने प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय एवं काजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग की 800 मीटर दौड़ में दिनेश ने पहला, आकाशदीप ने दूसरा एवं रामकिशन ने तीसरा स्थान हासिल किया। 15 सौ मीटर में आतिश ने प्रथम, दिनेश ने द्वितीय एवं अजय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन के डबल मुकाबले में चक सराए स्कूल ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि शिवालिक पब्लिक स्कूल द्वितीय एवं मुबारिकपुर तीसरे स्थान पर रहा। छात्र वर्ग की बास्केटबाल स्पर्धा में अंब पहले, मुबारिकपुर दूसरे एवं मैड़ी तीसरे स्थान पर रहा। छात्रा वर्ग की बास्केटबाल प्रतियोगिता में मुबारिकपुर ने प्रथम, अंब ने द्वितीय एवं शिवालिक स्कूल अंब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में धुसाड़ा ने पहला, ज्वार ने दूसरा एवं दियाड़ा ने तीसरा स्थान झटका। वालीबाल में चक सराए पहले, सुरी दूसरे एवं अंब स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।