जम्मू। नगरोटा के पास एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इससे वाहन में सवार छह लोग जख्मी हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उसे जीएमसी में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया, जबकि वाहन का मालिक भी घायल हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर केस दर्ज कर लिया है। ड्राइवर की तलाश जारी है।
नगरोटा थाना प्रभारी ओपी चिब ने बताया कि एक तीखे मोड़ पर जियलो (जेके 17-1356) के ड्राइवर ने अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की और वह अनियंत्रित हो गया। इससे छह लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच उन्हें बाहर निकाला। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जीएमसी भेजा गया। जिसमें किश्तवाड़ निवासी गिरधारी लाल, आयाश और सुनील शर्मा के अलावा पटना निवासी राम चरण शामिल है। वाहन का मालिक आशीष भी उसी में सवार था और उसे भी हल्की चोट आई है। घटना के बाद से ड्राइवर लापता है। पुलिस ने खाई के आसपास के इलाकों में झाड़ियों में भी उसकी खोज की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
उधर, ध्यारन के पास एक घोड़ा गाड़ी को अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया। उसमें सवार मां-बेटा बुरी तरह जख्मी हो गए। 36 वर्षीय हलीमा और 13 वर्षीय जाकिर हुसैन को जीएमसी में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बुरी तरह जख्मी हो गया। 43 वर्षीय शिव कुमार (निवासी बाड़ी ब्राह्मणा) को उसके बेटे ने तत्काल जीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत में सुधार है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, झज्जर कोटली में एक मारुति और आटो में टक्कर होने से एक व्यक्ति जख्मी हो गया। 27 वर्षीय शापटन सिंह को पहले धंसाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, हालत गंभीर होने पर उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया।
यहां उनकी हालत में सुधार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।