जम्मू। पत्नीटाप में चल रही आल इंडिया फिडे रेटिंग चेस चैंपियनशिप में रविवार को तोमोजीत, योगेश गौतम, दीप कपूर ने छह अंकों के साथ बढ़त बनाई हुई है। सातवें राउंड तक विजेता खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा है। इनमें कई मुकाबलों में कांटे की टक्कर रही।
आल जेएंडके चेस एसोसिएशन और आल इंडिया चेस फेडरेशन के सहयोग से करवाई जा रही इस चैंपियनशिप में पहले पांच स्थानों पर बेस्ट बंगाल के तोमोजीत चक्रवर्ती ने एमपी के निखिलेश जैन को पछाड़कर अपनी बढ़त को कायम रखा। इसी तरह हरियाणा के योगेश गौतम ने आंध्र प्रदेश के ख्वाजा अब्दुल लतीफ, दिल्ली के दीप कपूर ने चंडीगढ़ के पीयूष मनुजा, एमपी के धीरज दुबे ने जेएंडके के रवि शर्मा और जेएंडके के अतुल कुमार ने एमपी के अंशुमन को शिकस्त देकर बढ़त कायम रखी है। पहले तीन स्थानों पर छह अंक लेकर तोमोजीत, योगेश और दीप आगे चल रहे हैं। खिताब के लिए आगामी निर्णायक राउंड के मुकाबलों में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।