जम्मू। नेशनल पैंथर्स स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले शनिवार को विद्यार्थियों ने जीजीएम साइंस कालेज के बाहर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्र वर्ग को यात्री किराए में राहत दी जाए। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों की मनमानी को भी लताड़ा। उन्होंने साफ किया कि अगर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में छात्रों को किराए में छूट नहीं दी गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि महंगाई का लगातार ग्राफ ऊपर जाने से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को सबसे ज्यादा मार झेलनी पड़ रही है। शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना हजारों विद्यार्थी पढ़ाई तथा दूसरे कार्यों के लिए सफर करते हैं।
लेकिन किराए में छूट को लेकर ट्रांसपोर्टरों की ओर से आनाकानी की जाती है। इसके लिए सरकार को सख्ती से हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तेल की कीमतें कम होती हैं तो किराए में भी कटौती की जाए। लेकिन ऐसा नहीं किया जाता है। इसका सारा असर विद्यार्थी वर्ग पर पड़ता है। लगातार महंगाई बढ़ने से शिक्षा भी महंगी होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यात्री किरायों में छात्रों के साथ मनमानी को नहीं रोका गया तो उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। प्रदर्शन में संजय शर्मा, विक्रम सिंह, देवेंद्र सिंह भाऊ, राहुल शर्मा, आरिफ हुसैन, राहिल शर्मा, रिंकू शर्मा, राजन, शुभम, गगनदीप सिंह शामिल रहे।