जम्मू। ट्रैफिक कानून से लोगों को जागृत करने के लिए मंगलवार को 24वें ट्रैफिक सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत हुई। परेड में मिनी स्टेडियम में एक भव्य समारोह में स्कूली बच्चों, एनसीसी और एनएसएस के कैडेटों ने भी भाग लिया और शहर में तख्तियां और बैनर लेकर रैली निकाली। इस मौके पर ट्रांसपोर्ट मंत्री कमर अली आखून ने बताया कि राज्य में दो हाइटेक ड्राइविंग इंस्टीट्यूट तैयार किए जा रहे हैं। इस साल ट्रैफिक सप्ताह नारा स्टे अलाइव, डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव रखा गया है।
परेड में सुबह 11 बजे ट्रांसपोर्ट मंत्री कमर अली आखून ने हरी झड़ी दिखा कर ट्रैफिक सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की। इस सप्ताह को ट्रांसपोर्ट विभाग और ट्रैफिक विभाग ने आयोजित किया। मंत्री ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि ट्रैफिक कानून को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। ट्र्र्र्रांसपोर्टर्स और ड्राइवरों के सहयोग से सड़क हादसों की घटनाओं को कम किया जा सकेगा। ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ियोें के फिटनेस सर्टिफिकेट और रूट परमिट जारी करने में पारदर्शिता लाई जानी चाहिए। ट्र्रैफिक सिग्नल लगने के कारण शहर में सड़क हादसों की घटनाएं कम हुई हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को कुछ हद तक सुधारा जा सका है। ट्रांसपोर्ट राज्य मंत्री शबीर अहमद खान ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने अधिकारियों को कानून लागू करने वाले विभागों को कहा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सड़क हादसों से काफी नुकसान हो रहा है। ट्रैफिक कानून के बारे में आम जनता को भी जागृत करना होगा। इस मौके पर मंडलायुक्त प्रदीप गुप्ता, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर मेहराज अहमद ककरू, डीआईजी ट्रैफिक शकील बेग ने सड़क सप्ताह के कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसमें आईजी ट्रैफिक मुनीर खान, शिक्षा विभाग की निदेशक देव लता, डायरेक्टर गैरेज जीए सोफी, जेकेएसआरटीसी के एमडी जेएस टंडन, आरटीओ अरविंद कोतवाल इत्यादि ने भी भाग लिया।