जम्मू। चौआदी इलाके में खड्ड को लेकर चल रहे विवाद में इलाके के लोगोें ने डिप्टी कमिश्नर जम्मू को लिखित शिकायत कर हाईकोर्ट के डिवीजन बेंच के आदेश का उल्लंघन की सूचना दी है। इलाके के लोगों ने डीसी से खुद मौके पर पहुंचकर मामले को देखने और कानून व्यवस्था लागू करने के लिए आवश्यक निर्देश देने की अपील की है। शिकायत में कहा गया कि 25 मई 2013 को हाईकोर्ट ने शर्मा रिसोर्ट से हाजी बस्ती तक पड़ने वाले नाले पर अवैध कब्जे के मामले में निर्माण कार्य पर रोक लगाने के आदेश दिए थे लेकिन इसके बावजूद वहां अवैध निर्माण हो रहा है, जो अदालत के आदेश का उल्लंघन है। अवैध निर्माण करने वालों ने सिर्फ एक स्थान को छोड़ दूसरे छोर से काम शुरू कर दिया है। शिकायत के साथ निर्माण कार्य की तस्वीरें भी दी गईं।
उधर, इस जमीन विवाद में दिसंबर 2012 को आशिक हुसैन और उसके भाई की शिकायत पर महिला डीएसपी के खिलाफ दर्ज मामला भी पुलिस के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। महिला डीएसपी ने अपने घर के सामने नाले पर आशिक हुसैन और अन्य द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे का विरोध किया था। उस वक्त पुलिस ने महिला डीएसपी के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया था लेकिन एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के इसमें फंसने से पुलिस चालान को लेकर पसोपेश में है। बताया जाता है कि जमीन की जब तक निशानदेही नहीं होती, चालान बन नहीं सकता, जबकि अभी तक निशानदेही नहीं हुई है। महिला डीएसपी का कहना है कि वह खुद उच्च अधिकारियों से जमीन की निशानदेही करवाने का आग्रह कर रही हैं। इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका भी दायर है। उन्होेंने स्वीकार किया कि जमीन की निशानदेही न होने के कारण पुलिस चालान को लेकर पसोपेश में है। उधर, महिला डीएसपी इस मामले में कानूनी कदम उठाने के लिए कमर कसे है। बताया जाता है कि महिला डीएसपी को मनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।