जम्मू (ब्यूरो)। चक्कां दा बाग सेक्टर में पांच भारतीय सैनिकों की हत्या के विरोध में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं ने नेशनल सेकुलर फोरम (एनएसएफ) के बैनर तले पाकिस्तान के खिलाफ रैली निकाली। इस मौकेे पर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और मुख्य गेट के बाहर आकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। छुट्टी के बावजूद पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रकट करने के लिए दोपहर बाद दो बजे के करीब विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं ने फाउंटेन प्लाजा केपास जमा होना शुरू कर दिया। बाद में छात्र रैली निकालते हुए गेट तक आए। छात्र पाकिस्तान हाय-हाय, केंद्र सरकार हाय-हाय, केंद्र सरकार होश में आओ केनारे लगा रहे थे। फोरम के अध्यक्ष सुखदेव सिंह का कहना था कि पाकिस्तान के खिलाफ फोरम को साफ नीति के तहत आना चाहिए। अब इससे ज्यादा सहन नहीं करना चाहिए। जो कुछ भी पुंछ में हुआ, उससे मानवता शर्मशार हुई है। अगर अब भी सरकार खामोश रहती है तो इससे सैनिकों का मनोबल कम होना तय है। अब केंद्र सरकार किसका इंतजार कर रही है।
अगर अब भी सख्ती से नहीं निपटा गया तो पाकिस्तान के हौसले बुलंद होना तय है। इस मौकेपर बलवीर कुमार, पुष्पिंद्र सिंह, ऋषिकेश राणा, सुनील कुमार, चिमन सिंह, जगमोहन आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।