जम्मू। रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा और जम्मू स्टेशन को माडर्न बनाए जाने की कवायद को बढ़ाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तरी रेलवे के यात्री सेवा समिति के चेयरमैन जगदीश राज सोमवार को जम्मू स्टेशन का दौरा करेंगे। उनके दौरे को लेकर जम्मू में स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने प्लेटफार्म और अन्य पैसेेंजर सुविधा केंद्रों का निरीक्षण किया। स्टेशन के चप्पे चप्पे की जांच की और प्लेटफार्म पर मौजूद सभी दुकानों, स्टाल का जांचा।
डीटीएम जम्मू आरएन मीना, स्टेशन सुपरिंटेंडेंट अश्विनी शर्मा, एडीईएन खोसला इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों की टीम ने सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जांच की। प्लेटफार्म पर मौजूद दुकानों के शटर के बाहर डिस्पले हुुए सामान की जांच की। इस सामान को शटर के अंदर लगाए जाने के आदेश दिए गए। पार्सल घर, वेटिंग हाल की साफ सफाई, पीने के पानी और बिजली की सुविधा पर भी गौर किया गया। यात्रियों के स्टेशन पर मुहैया होने वाली चीजों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने वाशिंग लाइन में जाकर कोच की साफ सफाई को बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया। यात्रियों की सूचना, चिन्ह इत्यादि को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया।
जम्मू रेलवे स्टेशन को विश्व स्तर का बनाने के लिए इटली की एक टीम कुछ महीने पहले ही सर्वेक्षण कर चुकी है। सर्वेक्षण की रिपोर्ट के बाद ही रेलवे के चेयरमैन एक दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंच रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सोमवार वह राजधानी एक्सप्रेस से विशेष कोच में जम्मू पहुंचेंगे। इसके बाद वह नौ बजे से अधिकारियों से बैठक करेंगे और दोपहर के समय स्टेशन का दौरा करके यात्रियों को दी जाने वाली सुविधा और इन सुविधाओं को बढ़ाने की रिपोर्ट हासिल करेंगे। शाम को राजधानी से ही चेयरमैन नई दिल्ली लौट जाएंगे।