जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधान परिषद की डिपार्टमेंट रिलेटिड स्टैंडिंग कमेटी (डीआरएससी)-2 ने शुक्रवार को रेशमघर स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का दौरा कर मरीजों को सभी उचित सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए। चेयरमैन एमएलसी विजय बकाया के नेतृत्व में पहुंची कमेटी ने विभिन्न यूनिटों का निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं को सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया। इस दौरान अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों में भी अधिकारी डटे रहे।
कमेटी सदस्यों ने सुपर स्पेशलिटी के सीटी स्कैन, नेफरोलाजी, यूरोलाजी, आईसीयू, डायलेसिस, कार्डियोलाजी सहित अन्य यूनिटों का निरीक्षण किया। प्रिंसिपल जीएमसी ने कमेटी सदस्यों को अस्पताल की व्यवस्था और कामकाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस बीच कमेटी सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों से बैठक कर अस्पताल की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। चेयरमैन ने निर्देश दिए कि मरीजों को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने में उचित कदम उठाए जाएं। इसके अलावा अस्पताल की साफ सफाई को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। कमेटी में जहांगीर हुसैन मीर, एस धर्मवीर सिंह ओबराय, बीआर कुंडल, डा. शहनाज गनेई शामिल रहे। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव शेख मुख्तार, अतिरिक्त सचिव विधान परिषद मोहम्मद मकबूल भट्ट, जीएम निशाहती आदि मौजूद रहे। अगले कुछ दिनों में कमेटी की ओर से अन्य एसोसिएटेड अस्पतालों में जीएमसी, एसएमजीएस आदि में दौरा करने की संभावना है। इन अस्पतालों में वार्डों से लेकर साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाया जा रहा है। दौरे के दौरान सभी अस्पतालों में अधिकारी खुद डटे रहे।