जम्मू। प्लेइंग फील्ड 1 गांधीनगर जम्मू में शुक्रवार से जिला जम्मू कोर्फबाल चैंपियनशिप का आगाज किया गया। जेएंडके कोर्फबाल एसोसिएशन और जम्मू-कश्मीर स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के बैनर तले करवाई जा रही इस प्रतियोगिता में जिले से नौ टीमों के प्रतिभागी शिरकत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन के मुकाबलों में जम्मू ब्लू और त्रिकुटा क्लब ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। इससे पूर्व स्पोर्ट्स काउंसिल के खेल अधिकारी राजन शर्मा ने प्रतिभागियों से रूबरू होते हुए उन्हें आगे बढ़ने को प्रेरित किया। पहले दिन के मुकाबलों में जम्मू ब्लू ने जम्मू रेड को कांटे की टक्कर में 14-10 से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। हाफ समय तक दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और 6-6 गोल से बराबरी पर रहे लेकिन दूसरे हाफ में जम्मू ब्लू के खिलाड़ियों ने रणनीति बदलकर जोरदार आक्रमण किए और जम्मू रेड को संभलने के मौके नहीं दिए। विजेता टीम की ओर से हरीश ने सर्वाधिक सात गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा इरफान ने पांच गोल ठोके। जम्मू रेड की ओर से मोहित ने तीन और अश्विनी तथा मेगा ने दो-दो गोल ठोके लेकिन अन्य खिलाड़ियों के कुछ खास नहीं कर पाने से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। एक अन्य मुकाबले में त्रिकुटा क्लब ने डायमंड क्लब को 11-7 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करने त्रिलोक सिंह, मंजीत सिंह, आरके शर्मा, कुलविंदर सिंह, देशबंधू आदि पहुंचे।