जम्मू। केके हक्कू स्टेडियम में सोमवार को पहली सब जूनियर हाकी प्रतियोगिता का आगाज किया गया। शहीद-ए-आजम फाउंडेशन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन हाकी जेएंडके के सहयोग से किया जा रहा है। पहले दिन दो मैच खेले गए। पहले मैच में एसईटीटीयू क्लब सिंबल कैंप ने गुरु नानक नगर क्लब को 6-0 से मात दी।
एसईटीटीयू की ओर से रमणदीप (सीनियर) ने सातवें, 9वें और 42वें मिनट में एक के बाद एक तीन गोल ठोके। इसके बाद हरमिंद्र पाल सिंह ने 45वें मिनट में और रमणीक सिंह ने 52वें और 59वें मिनट में गोल ठोके। गुरु नानक नगर क्लब की ओर से एकमात्र गोल विक्रम सिंह ने खेल के 13वें मिनट में किया। दूसरा मैच कैंट स्टार सतवारी और आर्मी पब्लिक स्कूल मीरां साहिब के बीच खेला गया जो काफी रोमांचक रहा। मैच में कैंट सतवारी ने आर्मी स्कूल मीरां साहिब को 1-0 से हराया। कैंट स्टार सतवारी की ओर से एकमात्र गोल खेल के दसवें मिनट में परविंद्र सिंह ने पनेल्टी कार्नर से किया। मैच में जगजीत सिंह, दलविंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह, मनदीप सिंह, दलबीर और जीएस बाली ने अधिकारियों की भूमिका निभाई। मंगलवार को एपीएस अखनूर और शहीद भगत सिंह क्लब और एसओएस (एचजी) स्कूल का मुकाबला यंग स्टार सिंबल कैंप से होगा। उद्घाटन समारोह में डा. रूप लाल शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।