जम्मू। राज्य के सभी छह लोकसभा क्षेत्रों में मतदान की समय सीमा में कोई बदलाव नहीं होगा। हर लोकसभा क्षेत्र में निर्धारित दिन पर मतदान सुबह सात से शाम छह बजे के बीच होगा। शनिवार को राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी उमंग नरूला ने इस संबंध में पब्लिक नोटिस जारी कर दिया।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जम्मू कश्मीर में पांच चरणों में मतदान आगामी 10, 17, 24, 30 अप्रैल और 7 मई को होगा। जम्मू संभाग के दो लोकसभा क्षेत्रों, कश्मीर संभाग के तीन लोकसभा क्षेत्रों और लद्दाख के एक लोकसभा क्षेत्र में मतदान वाले दिन सुबह सात से शाम छह बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में कुछ सियासी दलों ने इलाके और भौगोलिक स्थिति का हवाला देते हुए मतदान की समय सीमा में बदलाव की मांग की थी, इस मांग को चुनाव आयोग ने अस्वीकार कर दिया है।