जम्मू (ब्यूरो)। बीएसएनएल के बिल जमा कराने के कई प्राइवेट काउंटरों पर अधिक रुपये लेने की कई शिकायतों के बाद विशेष टीम का गठन किया है। जो इन काउंटरों पर जाकर जांच करेगा। कई जगह एक हजार रुपये बिल के लिए दस रुपये और दो हजार रुपये बिल जमा कराने के लिए बीस रुपये तक वसूलने की शिकायतें मिली हैं। बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक आरके कौल के अनुसार प्राइवेट दुकानदार बिल राशि से एक रुपया भी अधिक नहीं ले सकते हैं। उनकी कमीशन तय है और अगर कोई अधिक रेट वसूलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार शहर के कुछ हिस्सों में बीएसएनएल बिल जमा करने की अनुमति दी गई है। ग्राहकों की सुविधा के लिए हर क्षेत्र में ऐसे काउंटरों को कमीशन एजेंट बनाया गया है और वे बिल जमा कर सकते हैं। इन काउंटरों पर बिल रेट से अधिक मूल्य ले रहे हैं। बिल हासिल करने वाले इन एजेंटों का कहना है कि बीएसएनएल ने उनकी कमीशन कम कर दी है। कमीशन कम करने की दलीलोें को बीएसएनएल अधिकारियों ने नकार दिया है। मुख्य महाप्रबंधक आरके कौल के अनुसार दो साल से इन काउंटरों पर बिल जमा कराने की अनुमति दी गई है। कमीशन में कोई बदलाव नहीं है। अब बिल जमा कराने के कई विकल्प भी दिए गए हैं। बैंक खाते, एटीएम या क्रेडिट कार्ड से भी लोग बिल जमा करा रहे हैं। पहले लोगों को बिल जमा कराने के लिए लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था। ग्राहकों को सुविधा देने के लिए ही प्राइवेट काउंटर खोले गए। लोगों का अन्य आधुनिक विकल्प का उपयोग करना चाहिए। जबकि अगर कोई प्राइवेट काउंटर बिल राशि से अधिक रेट लेता है तो वह उसकी शिकायत बीएसएनएल कार्यालय में कर सकता है। शिकायत मिलने पर प्राइवेट काउंटर का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
और पढ़ें