जम्मू। नेकां मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में संभागीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि बिजली विभाग के कार्यक्रम में सोमवार को भाजपा विधायकों के हंगामे के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भाजपा विधायक दल के नेता और अन्य विधायकों की कारगुजारियों का जो भी रहस्य खोला, वह केवल किताब का पहला पन्ना भर है। अभी किताब के बाकी पन्ने खुलना बाकी हैं। घबराए भाजपा नेता अब अपना चेहरा छिपाने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने डोगरा पगड़ी का अपमान किया जो कि पूरी तरह से गलत है और झूठे आरोप हैं। इस बारे में टेलीविजन फुटेज भी देखी जा सकती है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भाजपा विधायकों की चमचागिरी और स्वार्थ भाव को बताते हुए इतना कहा था कि पगड़ी पहन लेने से कोई जम्मू के लोगों का नेता नहीं बन जाता। नेता बनने के लिए नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करनी पड़ती है।
राणा ने कहा कि नेकां कार्यकर्ता जम्मू के लोगों को भाजपा विधायकों का असली चेहरा बताने के लिए जन मूवमेंट चलाएंगे। लोगों के सामने भाजपा विधायकों का असली चेहरा आने के बाद न केवल जम्मू के लोगों, बल्कि नई दिल्ली में भी भाजपा नेतृत्व स्तब्ध होगा।