जम्मू। एमएलसी चुनाव में क्रास वोटिंग के आरोप पर भाजपा हाइ कमान द्वारा अप्रैल, 2011 में निलंबित किए सात विधायकों में शामिल बसोहली के विधायक जगदीश राज सपोलिया का निलंबन खत्म कर उनकी पार्टी में दोबारा वापसी हो गई है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा के अनुसार विधायक जगदीश राज सपोलिया की ओर से बिना शर्त पार्टी में काम करने की इच्छा जताने का पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को लिखे जाने और निलंबन वापस लेने का आग्रह किए जाने के बाद पार्टी हाई कमान ने बसोहली के विधायक जगदीश राज सपोलिया का निलंबन वापस लेने का फैसला लिया है और इस संबंध में सपोलिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के फैसले के बारे में सूचित कर दिया गया है। वहीं भाजपा के प्रदेश मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। बसोहली के विधायक जगदीश राज सपोलिया ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि निलंबन वापस होने की सूचना उन्हें मिल गई है और वह भाजपा में वापस आने पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे। अब सपोलिया का निलंबन भी रद्द होने के बाद केवल प्रो. चमन लाल गुप्ता का निलंबन ही शेष रह गया है। माना जा रहा है कि प्रो. गुप्ता से संबंधित भी पार्टी फैसला ले सकती है।