मुख्य सचिव बीबी व्यास ने ईद-उल-फितर से पहले बारामुला-बनिहाल रेलवे ट्रैक पर अतिरिक्त रेल सेवाएं और हॉल्ट स्टेशन की शुरुआत की शुक्रवार को व्यापक समीक्षा की। बैठक मंडलायुक्त कश्मीर के कार्यालय में आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ईद की व्यवस्था की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से जनता तक पहुंचने और उनकी शिकायतों को हल करने के लिए अधिक उत्साह और समर्पण के साथ काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बारामुला-बनिहाल रेलवे खंड पर अधिक हाल्ट बिंदु शुरू किए हैं।
नए हाल्ट बिंदु बडगाम और मझहोम रेलवे स्टेशनों के बीच राजवन (सानूर कालिपोरा), बडगाम और मझहोम रेलवे स्टेशनों के बीच नायगाम, काकापोरा तथा अवंतीपुर स्टेशनों के बीच रत्नीपुर (पुलवामा) और काजीगुंड व सदरा रेलवे स्टेशनों के बीच संगदान (कुलगाम) के बीच खोले गए हैं।
बैठक में पुलिस महानिदेशक डॉ एसपी वैद, प्रमुख सचिव गृह आरके गोयल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रोहित कंसल, प्रमुख सचिव वित्त नवीन के चौधरी, मंडलायुक्त कश्मीर बसीर अहमद खान, पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर मुनीर अहमद खान, पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी एजी मीर, पुलिस महानिरीक्षक (ट्रैफिक) जगजीत कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) राजेश कुमार, उपायुक्त श्रीनगर डॉ फारूक लोन, एसएमसी, राजस्व, कृषि और बागवानी विभागों के अन्य अधिकारी, सिविल और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।