सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स (5/2/3 साल प्रोग्राम) और पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए शनिवार से दो दिवसीय कामन एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी राजस्थान के बैनर तले देशभर की नौ सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एक साथ यह टेस्ट करवाया जा रहा है।
इसके लिए देशभर में 150 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जम्मू में पहले दिन गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्रीनगर और केंद्रीय विद्यालय दो कैंट के अलावा उधमपुर और कठुआ के एक-एक परीक्षा केंद्र में सुबह 9-11, दोपहर 12-2 और शाम 3-5 बजे परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के दूसरे दिन ही उत्तर की राजस्थान और जम्मू सेंट्रल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
रविवार को परीक्षा के लिए जम्मू में पांच, उधमपुर और कठुआ में एक-एक परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नए सत्र से आठ नए विषय शुरू किए जा रहे हैं। परीक्षा के नतीजे 17 जून को घोषित होंगे। दाखिला इंचार्ज अकादमिक कोआर्डिनेटर प्रो. लोकेश वर्मा के अनुसार परीक्षा के लिए सारी तैयारियां पूरी की गई हैं।
कामन एंट्रेंस टेस्ट में पहली बार परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिकाएं की कार्बन कापी साथ ले जा सकेंगे। यूनिवर्सिटी में विभिन्न कोर्सों में दाखिले के लिए करीब दस हजार आनलाइन आवेदन आए हैं। करीब छह सौ सीटों में से बारहवीं के बाद करवाए जाने वाले इंटिग्रेटिड कोर्सों की 120 सीटें शामिल होंगी।
रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए जम्मू में केंद्रीय विद्यालय दो, गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल गांधीनगर, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्रीनगर, सेंट पीटर स्कूल बीसी रोड, एमसी खालसा आफ एजूकेशन चांद नगर और उधमपुर व कठुआ में एक-एक केंद्र स्थापित होगा। परीक्षा में राजस्थान सेंट्रल यूनिवर्सिटी के अलावा स्थानीय पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे।
परीक्षा में पीजी सीटों के लिए चालीस फीसदी और शोध सीटों के लिए पचास फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण होने वाला विद्यार्थी क्वालीफाई होगा। परीक्षा नतीजों के बाद मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।