बूढ़ा चेहरा
सालों से देखा
झुर्रियों के ताने-बाने में,
अनंत अनुभवों को समेटे,
बूढ़ों का वह धीर-गंभीर चेहरा।
जब छोटी थी मैं, तब भी
वैसा ही था,
और आज भी,
वैसा ही है।
उनके बालों की वह चमकीली सफ़ेदी,
जो शायद धूप की देन नहीं है।
उनकी वह धीमी चाल,
जो शायद उनकी मजबूरी ही है।
उनका अपने से ही कुछ-कुछ बड़बड़ाना,
जो शायद किसी से मन की बात,
न कह पाने की कमी ही है।
शून्य में ताकता उनका वह गुमसम चेहरा,
जो शायद उनका अकेलापन ही है।
क्यों न उनका सुख-दुख बाँटे हम,
उनके अनुभवों को साझा करें हम,
उनके जीवन के इस अंतिम पड़ाव पर,
उनका सहारा बनकर,
उनसे जीवन की अनमोल सीख पाकर,
उनके अंतिम पलों को यादगार बना जाएँ हम!
- हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है।
आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।