गरीब खाने तलक रोटियां नहीं जातीं ।
तेरे जहान से क्यूँ सिसकियाँ नहीं जातीं ।।
कतर रहे हैं वो पर ख्वाहिशों के अब भी बहुत।
नए गगन में अभी , बेटियां नहीं जातीं ।।
वो तारे तोड़ तो सकता है आसमाँ से मग़र ।
मुसीबतो की ये परछाइयां नहीं जातीं ।।
यकीं करूँ मैं कहाँ तक जुबान पर साहब ।
लहू से आपके खुद्दारियाँ नहीं जातीं ।।
तमाम दे के रियायत हुजूर देख लिया ।
खराब कौम से गद्दारियाँ नहीं जातीं ।।
सियासतों का ये मंजर न पूछ अब हमसे ।
सियासतों से यहाँ खामियाँ नहीं जातीं ।।
नए निज़ाम से उम्मीद और क्या करना ।
चमन से आज भी दुश्वारियां नहीं जातीं ।।
नज़र का फेर था या फिर था हादसा कोई ।
दिलो दिमाग से रानाइयाँ नहीं जातीं ।।
न जाने क्या हुआ है आपकी निगाहों को ।
मेरे वजूद से रुस्वाइयाँ नहीं जातीं ।।
जरा सँभल के रहो दुश्मनों की फितरत से ।
मिले तो हाथ मगर खाइयां नहीं जातीं ।।
मैं भूल जाऊं सभी जख़्म कोशिशें हैं मेरी ।
मगर ज़िगर की ये मजबूरियां नहीं जातीं ।।
चले गए हैं मेरी जिंदगी से जब से वो ।
मेरे दयार से खामोशियाँ नहीं जातीं ।।
- नवीन मणि त्रिपाठी
- हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है।
आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।