मटेराचौराहा (बहराइच)। भोपतपुर गांव निवासी एक शिक्षामित्र समायोजन रद्द होने के बाद से चितिंत रहता था। गुरुवार की शाम उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई। सीने में असहनीय दर्द शुरू हो गया। परिवारीजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही शिक्षामित्र की मौत हो गई।
और पढ़ें
रिसिया थाना अंतर्गत भोपतपुर गांव निवासी एजाज अहमद (40) पुत्र मुनताज विकास खंड रिसिया के प्राथमिक विद्यालय बरई में तैनात था। शिक्षक के पद पर समायोजन होने के बाद उसे लगा था कि भविष्य सुरक्षित हो गया है। लेकिन अचानक न्यायालय ने समायोजन रद्द कर दिया। फैसला आने के दिन से ही एजाज परेशान रहने लगा। गुरुवार को स्कूल से आने के बाद शाम को अचानक एजाज की तबियत बिगड़ गई। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने हृदय की समस्या बताकर केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। जब एंबुलेंस से परिवारीजन उसे लखनऊ लेकर रवाना हुए तो रास्ते में ही एजाज की सांस थम गई। उधर, असुरक्षित भविष्य से ग्रसित होकर दम तोड़ने वाले शिक्षामित्र एजाज दो बेटे और तीन बेटियों के पिता थे। बड़ी बेटी का निकाह बीते दिनों तय हुआ था। शनिवार को एजाज की बेटी की सगाई की तिथि निर्धारित थी। लेकिन खुशियों के बीच एजाज की मौत से कोहराम मच गया है।