फखरपुर (बहराइच)। फखरपुर सीएचसी पर मरीजों को कुछ चिकित्सक बाहर की दवा लिख रहे हैं। विरोध पर उन्हें धमकाया जा रहा है। ऐसे में मेडिकल स्टोर से दवा खरीदना सभी की मजबूरी बन गई है। इस मामले में मरीजों ने सीएमओ से शिकायत की है। सीएमओ ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को अब दवा तक नहीं मिल रही है। हालात निरंतर बिगड़ रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को सीएचसी पर तैनात कुछ चिकित्सक मेडिकल स्टोर की दवा लिख रहे हैं। जो ग्रामीण पैसे वाले हैं, वह बाहर की दवा ले रहे हैं जो नहीं हैं, वह पर्चा लेकर वापस घर चले जाते हैं।
कुछ मरीजों ने विरोध किया तो दवा लिखने वाले डॉक्टरों ने धमकी तक दी। मंगलवार सुबह 11 बजे कस्बा निवासी सारिक, सरफराज, मरौचा निवासी देवनाथ, रामरती आदि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पर चिकित्सक ने सभी को बाहर की दवा लिख दी। सभी मेडिकल स्टोर पर गए तो दवा काफी महंगी निकली।
इस पर रामरती व देवनाथ ने दवा नहीं खरीदी। सारिक व सरफराज ने मेडिकल स्टोर से फ्लूकैन जेल व कैंडिट बी खरीदा। अन्य मरीजों ने चिकित्सक से अस्पताल से दवा देने को कहा तो वह भड़क उठे। इस मामले की शिकायत सीएमओ डॉ. अरुण पांडेय से की गई है। फखरपुर के एमओआईसी डॉ. प्रत्यूष सिंह से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
जांच कर होगी कार्रवाई
फखरपुर स्वास्थ्य केंद्र पर दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। केंद्र पर आने वाले मरीजों को बाहर की दवा क्यों लिखी जा रही है, इसकी जानकारी नहीं है। डिप्टी सीएमओ से मामले की जांच कराएंगे। पर्चे पर लिखी दवा की राइटिंग मिलाई जाएगी, जो चिकित्सक दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-डॉ. अरुण पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी