मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को नोएडा में बनने वाले पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क का नए सचिवालय ‘लोकभवन’ से शिलान्यास किया। बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद इस पार्क की स्थापना कर रही है।
बाबा ने इस मौके पर एलान किया कि इस प्रोजेक्ट का निर्माण दिसंबर से ही शुरू हो जाएगा और कंपनी अगले साल के अंत तक उत्पादन शुरू कर देगी। इससे 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष जबकि एक लाख से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
इस प्रोजेक्ट में 1666.80 करोड़ रुपये का निवेश होगा। यह फूड पार्क नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी क्षेत्र में बनेगा। उन्होंने पूर्वांचल व बुंदेलखंड में भी ऐसे ही प्रोजेक्ट लगाने की बात कही।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव की खूब प्रशंसा की। कहा, जब दुनिया योग को भूल रही थी तब बाबा ने योग से धूम मचाई। इससे अच्छे स्वास्थ्य के साथ ही जीवन में अनुशासन आता है। बाबा ने आयुर्वेद को भी लोकप्रिय बनाया है। लोग ऑर्गेनिक चीजों को तेजी से अपना रहे हैं।
'बाबा की कंपनी के उत्पादों का लोहा मानती हैं कंपनियां'
अखिलेश ने कहा, सेवई किसे याद नहीं होगी लेकिन उसका स्थान मैगी ने ले लिया। बाबा मैगी भी लेकर आ गए। करोड़ों रुपये प्रचार में खर्च करने वाली कंपनियां भी क्वालिटी प्रोडक्ट में बाबा की कंपनी के उत्पादों का लोहा मानती हैं।
मुख्यमंत्री ने पतंजलि के यूपी में निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि इसका फायदा किसानों को मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था बढ़ेगी। दूसरे लोग भी किसानों के फायदे के लिए आगे आएंगे तो वह उनका भी स्वागत करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाबा बेहतर तकनीक, उत्तम क्वालिटी व नेचुरल उत्पाद उपलब्ध कराएंगे। इसकी आज बहुत आवश्यकता है।
मंडी और दुग्ध क्षेत्र में निवेश का दिया न्यौता
मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव को फ्रांस की सबसे बड़ी सब्जी, फूल और फल मंडी की तरह मंडी विकसित करने का न्यौता दिया। इस मंडी की खूबियों की जानकारी देते हुए कहा, बाबा अपने अधिकारियों को फ्रांस भेजें और नोएडा में वैसी ही मंडी स्थापित करने के लिए आगे आएं। प्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी। इससे किसानों को बहुत फायदा होगा।
उन्होंने बाबा को दुग्ध क्षेत्र में निवेश को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा, आज सब्जी व दुग्ध के क्षेत्र में निवेश की बहुत सख्त जरूरत है। वह स्कूली बच्चों को फल व दूध दे रहे हैं। इससे भी किसानों की ही मदद हो रही है।
हमारे काम की क्वालिटी बाबा के उत्पाद जैसी
सीएम ने कहा, जिस तरह बाबा रामदेव के उत्पाद अपनी क्वालिटी के लिए जाने जाते हैं उसी तरह हमारे काम हैं। सबसे तेज एक्सप्रेस- वे बनाया। इसके किनारे मंडियां बना रहे हैं। इसका फायदा किसान पाएंगे।
गुरुवार को राजधानी लखनऊ में मेट्रो शुरू हो जाएगी। विरोधी न जाने क्या कहेंगे? लेकिन सबसे तेज मेट्रो बनाई है। सारी चीजें पटरी पर हैं। वह तेज रफ्तार से काम करने वाले हैं। खुशहाली का रास्ता ऐसे ही बनता है। उनकी सरकार फिर सत्ता में आएगी।
हम-आपको काले लेन-देन से दूर रहना होगा
मुख्यमंत्री बोले- हम अर्थव्यवस्था सुधार रहे हैं और दूसरे लोग इसे रोक रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था उलझेगी। आगे नहीं जा सकती।
कालेधन की चर्चा करते हुए कहा कि पैसा काला-सफेद नहीं होता। काला-सफेद हमारा-आपका लेन-देन होता है। इन चीजों से हम-आपको दूर रहना होगा। उन्होंने कहा, हमने यूपी में माहौल बदला है। भिंड-मुरैना के डाकू नोट एक्सचेंज करने के लिए घूमते दिख रहे हैं।