सिपाही के 49568 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। पहली बार अभ्यर्थियों की दिक्कतों के निराकरण के लिए हेल्पडेस्क की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर एक लिंक अपलोड की गई है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने जनवरी में निकली सिपाही भर्ती के लिए आवेदन किया था उन्हें भी इस भर्ती में आवेदन का मौका दिया गया है।
कल से शुरू हो रही भर्ती प्रक्रिया के लिए इस बार सिर्फ 20 दिन का समय दिया गया है। जबकि जनवरी में निकली 41520 पदों की भर्ती के लिए 30 दिन का समय दिया गया था। आवेदन प्रक्रिया में हुए विलंब से अभ्यर्थियों को कम समय दिया जा रहा है।
बोर्ड का तर्क है कि उसे समय से परीक्षा भी करानी है, इसलिए 20 दिन पर्याप्त हैं। भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक इस बार करीब 30 लाख अभ्यर्थी आवेदन करेंगे। बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने जनवरी में सिपाही भर्ती के लिए आवेदन किया था वह इस भर्ती में भी आवेदन कर सकते हैं।
चूंकि पिछली भर्ती प्रक्रिया अभी चल रही है और उसका परिणाम 15 दिसंबर तक घोषित होने की संभावना है। ऐसे में जो अभ्यर्थी जनवरी में निकली भर्ती प्रक्रिया में क्वालिफाई नहीं कर पाएंगे उनके पास एक मौका और हो जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी ने दोनों परीक्षाओं में आवेदन कर दिया और पहली भर्ती में ही उसका चयन हो गया तो वह दूसरी भर्ती प्रक्रिया से खुद को अलग कर सकता है। हालांकि दूसरी भर्ती के लिए जमा की गई फीस वापस नहीं होगी।
वहीं, अक्तूबर में निकली भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 8 दिसंबर तक ही लिए जाएंगे। बता दें कि सिविल पुलिस में 31,360 व पीएसी में 18,208 भर्तियों के लिए विज्ञापन निकाला था और सोमवार से उसके लिए आवेदन मांगे हैं। इस बार महिला और पुरुष नागरिक पुलिस के लिए अलग से विज्ञापन नहीं जारी किया गया है। इसके लिए पूर्व में ही नियमावली में संशोधन हो गया।