भाजपा की कमल संदेश रैली के मौके पर शनिवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं वित्तमंत्री की हैसियत से कह रहा हूं कि इस परिवार ने हजारों करोड़ की टैक्स चोरी की है।
उन्होंने कहा कि ऐसा चोर परिवार आज देश के चौकीदार को बदनाम करने का काम कर रहा है। आक्रामक मुद्रा में दिख रहे शुक्ल ने कहा कि देश अंग्रेजों की राजशाही से 1947 में मुक्त हो गया था। मगर, उसके बाद नेहरू-गांधी परिवार की राजशाही ने इस देश को छह दशक तक गुलाम बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि देश की गरीब जनता के खून-पसीने की कमाई को कांग्रेस ने खूब लूटा है। उन्होंने सपा को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि जो उद्योगपति सपा शासन में यूपी में उद्योग लगाने से भागते थे वही योगी सरकार में प्रदेश में उद्योग लगाने को लालायित है।