मोहाली। शहर के नए सेक्टरों में पानी बर्बाद करने वाले लोगों पर गमाडा ने शिकंजा कसने की तैयारी करली है। गमाडा ने साफ किया है कि जो भी व्यक्ति इन इलाकों में पानी बर्बाद करेगा। गमाडा द्वारा उन लोगों के पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके बाद दोबारा पानी के कनेक्शन की बहाली एफिडेबिट देकर होगी। जिसमें उन लोगों को पानी बर्बाद न करने का भरोसा गमाडा को देना होगा। इस काम की निगरानी करने के लिए गमाडा ने टीम गठित कर दी है। टीम में सब डिवीजनल इंजीनियर से लेकर तमाम अधिकारी शामिल किए गए हैं। यह टीमें सुबह और शाम संबंधित इलाकों में जाकर लोगों पर नजर रखेंगी।
गमाडा से मिली जानकारी के मुताबिक गर्मी बढ़ रही है, जिससे इन इलाकों में पानी की मांग बढ़ रही है। जबकि उस हिसाब से पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। जिसके चलते गमाडा ने पानी बर्बाद करने वालों पर नकेल कसने की तैयारी की है। गमाडा के नियम के मुताबिक 15 अप्रैल से लोगों कनेक्शन काटने एवं चालान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नए नियम के मुताबिक लोग सुबह-शाम लॉन में सिंचाई नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा स्कूटर-कारों की धुलाई पर भी पाबंदी रहेगी। पाइप में लीकेज और मेन पाइप में बूस्टर आदि लगाना शामिल है। गमाडा ने टीमों को हिदायत दी है कि वह सुबह और शाम जाकर इलाकों में नजर रखें। इस दौरान गमाडा की मुख्यत: 66, 67, 68, 69, 78, 79, 80 सेक्टर-65 स्थित बल्क मार्केट का एरिया पर नजर रहेगी।
--बॉक्स
पांच सौ रुपये तक जुर्माना भी हो सकता है
गमाडा अधिकारियों के मुताबिक जो लोग नियमों तोड़ेंगे। उनपर गमाडा द्वारा 500 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। भविष्य में इन लोगों को गमाडा ब्लैक लिस्ट भी कर सकता है। जिसके बाद गमाडा से जुड़े कामों में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
--बॉक्स
पानी के प्रेशर पर वाटर सप्लाई विभाग की नजर
शहर के अन्य हिस्सों में पानी मुहैया करा रहे वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारी शहर को कजौली वाटर वर्क्स एवं ट्यूबवेलों से मिल रहे पानी के प्रेशर पर नजर रख रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जिस दिन पानी के प्रेशर में कमी आएगी। उसके बाद ही अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा। दूसरी तरफ पानी के सैंपल भी निरंतर ली जा रहे हैं।