मोहाली। राज्य सरकार पांच साल तक की बच्चियों का हर तरह का इलाज मुफ्त करने की योजना बना रही है। इस संबंध में केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है। यह जानकारी नेशनल रूरल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर हुसन लाल ने दी। वह मंगलवार को परिवार भलाई व सिखलाई संस्था में बेटी बचाओ विषय पर आयोजित जिलास्तरीय वर्कशॉप को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस समय नव-जन्मी बच्ची का तीस दिन तक हर तरह का इलाज मुफ्त किया जाता है। अब पांच साल तक मुफ्त इलाज का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ प्रशासनिक तौर पर भी सख्ती बरती जाएगी। ताकि इस बुराई को खत्म किया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर टीपीएस सिद्धू ने कहा कि सेहत विभाग ने स्कूल-कॉलेजों के स्टूडेंट्स को बेटी बचाओ मुहिम में शामिल करके अच्छा काम किया है। इससे पढ़ाई के दौरान ही वे इस गंभीर विषय के बारे में जागरूक हो सकेंगे। उन्होंने भ्रूण हत्या रोकने में पंचायतों व समाजसेवी संस्थाओं से योगदान देने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशासन ने फ्लाइंग टीमें गठित की हैं, जो नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटरों और क्लीनिक की चेकिंग करती रहती हैं।
सिविल सर्जन डॉ. राजीव भल्ला ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि डेराबस्सी, घड़ूआं, बूथगढ़, लालड़ू में स्टूडेंट्स के पोस्टर मेकिंग व स्लोगन राइटिंग मुकाबले कराए गए थे। इनके विजेता बच्चों को समागम में सम्मानित किया गया। साथ ही उन पंचायतों का सम्मान भी किया गया, जहां का फीमेल रेशियो ज्यादा है। इनमें छज्जूमाजरा, चंदू, चडियाला, अड्डा झुंगियां, अमलाला, इब्राहिमपुर, आलापुर, मियांपुर, झामपुर, महरोलिया, रुड़कीकलां, रायपुर खुर्द शामिल थीं। समागम के दौरान नर्सिंग स्टूडेंट्स ने भ्रूण हत्या पर स्किट पेश कीं।