शिमला। अब आप किसी भी थाने में जाकर जीरो लाइन एफआईआर दर्ज करवा सकते हैं। थाना प्रभारी अब आपको सीमा विवाद का पाठ नहीं पढ़ा पाएंगे। उन्हें आपकी शिकायत सुननी ही होगी और मुकदमा कायम करने के बाद संबंधित थाने को केस ट्रांसफर करना होगा। इससे उन दरोगाओं की मनमर्जी पर अंकुश लग पाएगा जो दूर दराज के इलाकों में अपनी हुकूमत चलाते हैं और उनकी कार्यप्रणाली से शहर में बैठे अफसर भी अंजान हैं। जीरो लाइन एफआईआर के शुरू होने से आम आदमी राहत महसूस करेगा ऐसा पुलिस महकमे का दावा है।
कोई शिकायत लेकर आप थाने में जाते हैं तो सबसे पहले यही सवाल पूछते हैं कि अपराध कौन से इलाके में हुआ? जगह बताने पर जवाब मिलता है कि - जनाब यह हमारे थाने की सीमा से बाहर है। अगर गलती से अपराध उस जगह हुआ हो जहां दो थानों की सीमाएं मिलती हों तो शिकायतकर्ता का भगवान ही मालिक। दो थानों के बीच वह पिसकर रह जाता है। किसी भी थाने में उसकी सुनवाई नहीं होती। पुलिस महकमे ने जीरो लाइन एफआईआर शुरू कर आम आदमी के साथ पुलिस को भी सहूलियत दी है। बेशक एफआईआर कहीं भी क्यों न कटे, जांच संबंधित थाने को ही करनी होगी। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि धोखाधड़ी के एक मामले में थाना छोटा शिमला में जीरो लाइन एफआईआर दर्ज कर थाना कुमारसैन को ट्रांसफर किया गया है।
---
क्या है जीरो लाइन एफआईआर
जीरो लाइन एफआईआर किसी भी थाने में हो सकती है। इसमें उस थाने की एफआईआर का नंबर नहीं डलता। इसमें शून्य लिखकर संबंधित थाने को ट्रांसफर किया जाता है। उस थाने में ही एफआईआर नंबर डाला जाता है और वही थाना मामले की छानबीन करता है।
----------
केस स्टडी
राजधानी में दर्ज की जीरो लाइन एफआईआर
शिमला पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में जीरो लाइन एफआईआर दर्ज की है। मैहली शिमला में रहने वाले दौलत राम का गांव थाना कुमारसैन में आता है। जब वह गांव में थे तो उन्होंने एक दैनिक समाचार पत्र में मोबाइल टावर लगाकर लाखों कमाने का विज्ञापन पढ़ा। आवेदन करने पर कथित कंपनी ने उनसे तीन चरणों में करीब साठ हजार ठग लिए। टावर नहीं लगे तो वह पुलिस के पास पहुंचे। उनके साथ धोखाधड़ी कुमारसैन क्षेत्र में हुई लिहाजा कायदे से वहीं जाकर उनकी एफआईआर दर्ज होती। शिमला शहर से कुमारसैन की दूरी करीब सत्तर किलोमीटर है। मैहली में जहां दौलत राम रह रहे हैं, वहां से सबसे नजदीक छोटा शिमला थाना है। लिहाजा, उनकी एफआईआर यहां दर्ज कर थाना कुमारसैन में ट्रांसफर कर दी गई है।