शिमला। सोमवार रात हुई बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला का राजधानी से संपर्क पूरी तरह कट गया है। कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और खिड़की में सड़कें बंद हो गई है। सोमवार को एचआरटीसी के 40 रूटों पर बसें रवाना नहीं हो पाईं। इसके अतिरिक्त दर्जनों रूटों पर बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
बर्फबारी ने एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। ताजा बर्फबारी के बाद राजधानी से न तो ऊपरी क्षेत्रों के लिए बसें रवाना हो पा रही हैं और न ही ऊपरी क्षेत्रों से कोई बस शिमला पहुंच पाई है। सड़क बंद होने के कारण मंगलवार को दूध और सब्जी की गाड़ियां ऊपरी क्षेत्रों के लिए रवाना नहीं हो पाई। राष्ट्रीय राजमार्ग - 22 कुफरी और नारकंडा के पास बंद हो गया है जिसके कारण ठियोग, कोटखाई, कुमारसैन, सैंज, रामपुर और रिकांगपिओ के लिए बस सेवा ठप हो गई है। उधर खड़ापत्थर में सड़क मार्ग बंद होने के कारण रोहड़ूू और जुब्बल रूट पर बस सेवा बंद हो गई है। ताजा बर्फबारी के बाद शिमला-चौपाल मार्ग खिड़की में बंद हो गया है। इस रूट पर वाहनों की आवाजाही देहा तक ही हो पा रही है।
- 40 रूट हुए फेल - सेन
बर्फबारी के कारण नारकंडा, खड़ापत्थर और चौपाल मार्ग पर यातायात बंद हो गया है। एचआरटीसी के करीब 40 रूट फेल हुए हैं। सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण निगम के चालक-परिचालकों को विशेष ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
- अनिल सेन
मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी