शिमला। रविवार सुबह आधे शहर में पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। शुक्रवार रात और शनिवार दिन में हुई बारिश के चलते पेयजल योजनाओं में गाद आ गई है। शनिवार शाम को छोटा शिमला जोन और चौड़ा मैदान जोन में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। गिरि और अश्वनी पेयजल योजना में शनिवार को दिन भर पंपिंग ठप रही। इस कारण नगर निगम को शाम के समय पानी देने के लिए पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल सकी। देर शाम को पंपिंग दुरुस्त हुई है।
ऐसे में रविवार शाम को छोटा शिमला और चौड़ा मैदान जोन में पानी दिया जाएगा। इसके चलते रविवार सुबह सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। शनिवार शाम को चौड़ा मैदान जोन के तहत बालूगंज, समरहिल, टुटू, ओल्ड बैरियर, पांजडी और आसपास के क्षेत्र तथा छोटा शिमला जोन के तहत लिफ्ट एरिया, कनलोग, बैम्लोई, पारसदास गार्डन, ठंडी कोठी, टिंबर हाउस में सप्लाई नहीं हुई है। निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के चलते कट लगाया गया है। उधर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह का कहना है कि गाद आने के चलते पंपिंग प्रभावित हुई है। देर शाम को पंपिंग दुरुस्त हो गई है। प्रयास रहेगा कि रविवार सुबह शहर को पर्याप्त पानी मुहैया करवाया जाएगा।
---
खलीणी, टालैंड में कटे 14 पानी कनेक्शन
पानी की टंकी ओवर फ्लो पाए जाने पर नगर निगम की टास्क फोर्स ने शनिवार को खलीणी और टालैंड में 14 कनेक्शन काटे हैं। इन उपभोक्ताओं को अब दो हजार रुपये का जुर्माना चुकाना होगा। जुर्माना चुकाने के बाद ही नगर निगम दोबारा कनेक्शन जोड़ेगा। अगर इन उपभोक्ताओं की पानी टंकियां फिर से ओवर फ्लो होते हुए पाई गईं तो पांच हजार रुपये जुर्माना लगेगा।