शिमला। हिमाचल के अधिकतर इलाकों में बुधवार को बारिश हुई। शिमला और सुंदरनगर से सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई। वहीं, पालमपुर के बंदला गांव की पहाडि़यों पर बादल फटने की सूचना है। हालांकि, किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बादल फटने की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बंदला से थुरल तक लोगों को अलर्ट कर दिया गया। इससे न्यूगल खड्ड का जलस्तर भी बढ़ गया। बंदला में बने सौरभ वन विहार में आए पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। शिमला में 33.0 एमएम, सुंदरनगर में 43.0, भुंतर में 2.0, कल्पा में 0.6, धर्मशाला 17.6, कांगड़ा में 15.0 और मनाली में 4.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 30 जून तक प्रदेश के अधिकतर भागों में हल्की और सामान्य बारिश की संभावना जताई है। कई क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी तो कहीं मेघ बरसेंगे। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को मध्यम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में सामान्य से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अभी सप्ताह भर मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि बारिश से तापमान सामान्य तक पहुंच गया है।