अमर उजाला ब्यूरो
हरोली/लठियाणी/ऊना।
भाजपा प्रत्याशी प्रो. राम कुमार ने हरोली विधानसभा क्षेत्र से सोमवार को पालकवाह से हरोली तक रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन कर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालकों के काफिले के बीच खुली जीप में प्रो. राम कुमार एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हरोली पहुंचे। प्रो. राम कुमार ने सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम हरोली दिले राम धीमान के कार्यालय में पहुंचकर नामांकन पत्र की कॉपी दी। इसके बाद हरोली में जनसभा की। इसमें उन्होंने कहा कि हरोली की जनता सट्टा-सुट्टा अज्ञैर माफिया को सहन नहीं करेगी। राम कुमार ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं को सरकारी मदद देने पर वाहवाही लूटने का ही काम है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृतक के परिवार को चार लाख की राशि, मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद एवं अन्य योजनाओं से जरूरतमंदों को मदद सरकार देती है। इसी मदद को कांग्रेस के नेता ऐसे प्रचारित कर रहे हैं, जैसे वह अपनी जेब से दे रहे हों। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक ने अपनों की जेबें भरने के लिए तालाबों का सौंदर्यीकरण करवाया है। इसका लोगों को कोई लाभ नहीं मिला है। हरोली में जिस तरह दिखावे के लिए सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया गया, उसका हिसाब जनता मांग रही है। राम कुमार ने कहा कि उद्योग मंत्री ने हरोली में चिट्टा माफिया एवं अवैध खनन को संरक्षण दिया जिसका जवाब अब जनता देगी। इस अवसर पर यशपाल राणा, विनोद जोशी, जगदीश सिंह, जिला परिषद सदस्य लखविंद्र सिंह लक्खी, विश्वास शर्मा, अनूप राणा, अर्जुन सिंह, कमल सैणी, कमल राज, सरोज ठाकुर, ओंकार नाथ, सतीश कुमार, सरोज ठाकुर, सुनीता देवी, मोहिंद्र कौर, रोशन लाल, जनक राज, जरनैल सिंह, केवल सिंह, मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, कुलदीप सिंह, अश्वनी कुमार, देसराज राणा, संतोष सैणी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्तिा उपस्थित रहे।
कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वीरेंद्र कंवर ने सोमवार को पूरे लाव-लश्कर के साथ शक्ति प्रदर्शन कर कुटलैहड़ विस क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी ताल ठोंक दी है। इस मौके पर उनके साथ भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, चरणजीत शर्मा, कृष्ण पाल शर्मा, बलराम बबलू, सुरेंद्र हटली,अजय कुमार, ठाकुर राम सिंह, अजय शर्मा मौजूद रहे। भाजपा विधायक वीरेंद्र कंवर के समर्थक सुबह से ही बंगाणा के समीप ठंडी खुई के पास जमा हो गए थे। जैसे ही कंवर अपना नामांकन दाखिल करने के लिए वहां से निकले तो उनके साथ समर्थकों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच अपने समर्थकों के कंधे पर सवार होकर उपमंडल बंगाणा के एसडीएम कार्यालय पहुंचे कंवर ने 12 बजे के बाद एसडीएम और चुनाव अधिकारी बंगाणा के कार्यालय में प्रवेश किया। एसडीएम कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू भी पहुंच गए। विवेक ने समर्थकों सहित नामांकन से पूर्व शक्ति प्रदर्शन किया। उनके साथ कांग्रेस पंजाब विस अध्यक्ष राणा केपी सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला शर्मा, विवेक मिंका, कुलदीप सिंह, अखिल अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे। जैसे ही दोनों पार्टी के प्रत्याशी एसडीएम बंगाणा के रास्ते में लगे गेट पर पहुंचे तो पुलिस प्रशासन ने समर्थकों को गेट पर ही रोक दिया ऐसे में दोनों पाटियों के समर्थक अपनी-अपनी पार्टियों के नारे लगाते रहे। सोमवार को शिव हरी पाल ने कुटलैहड़ विस क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
समर्थकों के साथ राजीव गौतम ने भरा नामांकन
विधानसभा क्षेत्र ऊना सदर से कांग्रेस नेता राजीव गौतम ने सोमवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ बतौर आजाद प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। गौतम ने शक्ति प्रदर्शन कर ऊना विस क्षेत्र से बतौर आजाद प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी ताल ठोंक दी है। राजीव गौतम के समर्थक संतोषगढ़ नगर में सुबह से ही एकत्रित होने शुरू हो गए थे। ढोल-नगाड़ों की ताल के बीच गौतम ने सैकड़ों समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय ऊना में पहुंचकर एसडीएम और चुनाव अधिकारी ऊना के पास अपना नामांकन दाखिल किया। गौतम के पिता स्व. वीरेंद्र गौतम ऊना सदर से दो बार विधायक और कांगड़ा बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इस मौके पर उनके साथ शाम सुंदर द्विवेदी, ऋषि गौतम, अंकू गौतम, अजय आदि मौजूद थे।