न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Updated Fri, 10 Aug 2018 11:49 AM IST
दिन में चोरी करने के नाम से मास्टर मोहम्मद शरीफ उर्फ टिंडा जुलाई महीने में रामपुर से खाली हाथ लुधियाना के लिए निकला था। टिंडा के पास सिर्फ शिमला तक का किराया था। दोपहर तक टिंडा बस से शिमला पहुंचा। इसके बाद यहां से लुधियाना जाने के लिए किराये का जुगाड़ करने के लिए न्यू शिमला का रुख किया।
ट़िडा ने दोपहर करीब एक बजे न्यू शिमला के रझाणा गांव के दो घरों को खाली पाया। इसके बाद इनमें से एक घर में बुढ़ी महिला को देखा और कुछ घंटो पर उस पर निगरानी रखी। इसके बाद महिला अपने पोते को स्कूल से घर वापिस लाने के घर से निकली। इस दौरान टिंडा ने घर में सेंध मारी और घर की अलमारी से जेवर निकालकर लुधियाना के लिए निकल गया।
पुलिस ने टिंडा से न्यू शिमला मामले में की चोरी में मंगलसूत्र, कंगन की जोड़ी, झूमके, अंगूठी, दो टाप्स के जोड़ें बरामद कर लिए है। इसके अलावा पुलिस की पूछताछ में टिंडा ने कबूल करते हुए कहा कि उसने न्यू शिमला के एक घर में सेंध मारी और दूसरे घर में जाने से पहले ही उसे पहले घर में ही बड़ा खजाना मिल गया था और वहां से भाग गया।
इस दौरान टिंडा ने बताया कि वह दिन दिहाड़े घरों पर निगरानी रखता था इसके बाद खाली घर पाकर चोरियों की वारदातों को अंजाम देता था। उसने प्रदेश भर में कई चोरियां की है। अर्की, सुंदरनगर, मंडी, शिमला और रामपुर में वह चोरियों की दर्जनों वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस के मुताबिक रिमांड में मोहम्मद शरीफ से उर्फ टिंडा से प्रदेश में कई और बड़ी चोरियों का भी सुराग मिल सकता है।