शहर से बाहर शिफ्ट होगी अनाज मंडी, टिंबर मार्केट
नगर निगम ने पूरी की औपचारिकताएं, शनान जाएंगी दोनों मंडियां
निगम सरकार को लिखेगा पत्र, एपीएमसी से काम शुरू करवाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। गंज बाजार स्थित अनाज मंडी और लक्कड़ बाजार की टिंबर मार्केट जल्द ही शहर से बाहर शिफ्ट की जाएंगी। नगर निगम ने दोनों मंडियों को शनान में स्थापित करने की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
निगम प्रशासन जल्द ही इस बारे में सरकार को पत्र लिखने जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि दोनों मंडियां शिफ्ट करने की औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। लेकिन एग्रीकल्चरल प्रोड्यूस मार्केट कमेटी (एपीएमसी) ने शिफ्टिंग की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं की है। ऐसे में निगम सरकार से एपीएमसी को इस बारे में दिशा निर्देश जारी करने की मांग करने जा रहा है। शनान में नगर निगम की जमीन है जिसकी एनओसी पहले ही नगर निगम ने दे रखी है। इस जमीन पर शेड और दुकानें बनाने और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएं देने का काम बचा है जो एपीएमसी को करना है। यह काम चंद महीनों में पूरा कर दोनों मंडियों को वहां शिफ्ट किया जा सकता है। लेकिन अभी तक कमेटी ने इस बारे में कोई पहल नहीं की है। इसीलिए निगम को पत्र लिखने पर मजबूर होना पड़ा है।
निगम को होगी आय, यातायात समस्या होगी कम
दोनों मंडियों को शिफ्ट करने से न सिर्फ कारोबारियों को पर्याप्त जगह मिलेगी। बल्कि नगर निगम को नई दुकानों से सालाना लाखों की आय भी होगी। शहर से टांसपोर्टिंग की व्यवस्था भी शनान शिफ्ट की जाएगी। यानि शहर में जो भी लोडिंग अनलोडिंग के लिए बड़ी गाड़ियां आएंगी वे शनान स्थित मंडियों में भेजी जाएगी। इससे शहर में जाम की समस्या भी कम होगी। वर्तमान में गंज बाजार स्थित अनाज मंडी तक सामान पहुंचाने के लिए कारोबारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं लक्कड़ बाजार स्थित टिंबर मार्केट में इमारती लकड़ी लाने और ले जाने के लिए भी जगह की कमी खलती है।
---
सरकार को भेजा जा रहा है पत्र
दोनों मंडियों को शिफ्ट करने के लिए सरकार को पत्र भेजा जा रहा है। निगम ने सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
रोहित जमवाल, नगर निगम आयुक्त