आगरा। लोकनिर्माण एवं सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया है कि कानून व्यवस्था में काफी सुधार आया है। एक आईएएस की गिरफ्तारी इसका उदाहरण है। इसके अलावा उन्होंने ममता बनर्जी के केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने की बाबत चुप्पी साध ली। वह मंगलवार को पूर्व विधायक विजय सिंह राणा के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि बसपा के शासनकाल में इतने घोटाले हुए हैं कि उनकी जांच में काफी समय लग रहा है। जल्द ही प्रदेश सरकार के विकास कार्य दिखाई देने लगेंगे। श्रीधाम एक्सप्रेस मेें पुलिस अभिरक्षा में हत्या की वारदात के बारे में उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है। जांच एजेंसियां काम कर रही हैं। दोषियों को कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। कानून व्यवस्था पटरी से नहीं उतरी है बल्कि इसमें सुधार हुआ है। छेड़खानी में एक आईएएस की गिरफ्तारी इसका उदाहरण है। उन्होंने टोरंट द्वारा सड़कों के खोदने के सवाल पर कहा कि सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। महंगाई और एफडीआई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सपा एफडीआई का विरोध कर रही है और करती रहेगी। यह पूछे जाने पर कि ममता बनर्जी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने पर क्या उसका समर्थन करेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वहीं आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में कार्यकर्ताओं से जुट जाने को कहा।
सर्किट हाउस में की कार्यकर्ताओं से मुलाकात
कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव खेरिया एयरपोर्ट से सीधे विजय नगर स्थित डा. अवनीश अवस्थी के घर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। एयरपोर्ट और सर्किट हाउस में स्वागत करने वालों में लघु उद्योग निगम के चेयरमैन शिव कुमार राठौर, जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, अतर सिंह यादव, विधायक रणजीत सुमन, अंजुला सिंह माहौर, किशोरीलाल माहौर, अनिल रावत, अतुल गर्ग, वीरू महाजन, राजपाल, हरेंद्र सिंह, विवेक यादव, नितिन गुप्ता, यशपाल राणा, धारा सिंह, श्रीकांत त्यागी, मदन मोहन शर्मा, वीरेंद्र सिंह, नाहर सिंह, दिलीप चौहान, तेजपाल सिंह यादव, संजय कुमार सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।