आगरा। शहर के सर्राफा कारोबारी लुटेरों के निशाने पर हैं। रविवार शाम थाना हरीपर्वत क्षेत्र में पालीवाल पार्क रोड पर दुकान बंद कर बेटे के साथ घर लौट रहे सर्राफा कारोबारी को लाल पल्सर सवार तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से रोकने की कोशिश की।
गाड़ी नहीं रोकने पर बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। दो गोलियां व्यापारी के कमर के नीचे और बांह में जा धंसी। इसके बाद भी व्यवसायी के बेटे ने गाड़ी नहीं रोकी। व्यवसायी को दिल्ली गेट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। सनसनीखेज घटना की जानकारी डेढ़ घंटे बाद पुलिस को हुई तो एसएसपी मौके पर पहुंच गए।
कमला नगर स्थित दीप अपार्टमेंट निवासी संजीव बंसल (40) की चौबेजी का फाटक स्थित जूताराम फाटक में एमएस ऑर्नामेंट्स के नाम से सर्राफा कारोबार है। उनके बेटे मुकुंद ने बताया कि शाम तकरीबन सात बजे दुकान बंद करके वह एक्टिवा गाड़ी से पिता के साथ घर लौट रहा था। पालीवाल पार्क रोड पर एपीएस स्कूल के सामने लाल पल्सर पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उसने स्कूटर नहीं रोका और स्पीड बढ़ा दी। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। तीन गोलियां चलाईं। एक गोली व्यापारी के कमर के नीचे लगी, दूसरी बांह को चीरती हुई निकल गई। मुकुंद ने गाड़ी नहीं रोकी और घर लेकर पहुंचा। यहां से व्यवसायी को आनन फानन में दिल्ली गेट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। व्यापारी के बेटे ने बताया कि गाड़ी में जेवर और कैश था, जो लुटने से बच गया। सर्राफा व्यवसायियों की सूचना पर एसएसपी एससी दुबे हास्पिटल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।