एत्मादपुर: ‘कन्या विद्याधन की लूट है, लूट सके तो लूट’ एक प्रचलित कहावत को ग्राम प्रधान ने कुछ तरह चरितार्थ की। नियम-कायदों को ताक पर रखकर उन्होंने बेहिचक फर्जी आय प्रमाण पत्र बनवाए और अपनी बेटी को कन्या विद्या धन योजना का लाभ दिलवा दिया। मामला जानकारी में आने के बाद ग्रामीणों ने जांच की मांग की है
दरअसल, मामला ग्राम पंचायत रायपुर से संबंधित है। गांवके निवासी प्यारेलाल, श्याम सिंह, सुरेश चंद्र, जयप्रकाश, रामनरेश, गुड़िया, महीपाल, ऊषा, कमल सिंह, मुन्नालाल आदि ने ग्राम प्रधान पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम जेपी सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि ग्राम प्रधान तिलक सिंह ने अपनी बेटी (12वीं की छात्रा) को पात्र नहीं होने के बावजूद कन्या विद्याधन दिलवा दिया। इसके लिए उन्होंने तहसील से आय प्रमाण पत्र बनवाए। पहले प्रमाण पत्र में आय 90 हजार रुपये दर्शाई। जिसके चलते बेटी को लाभ नहीं मिल सका। प्रधान ने छह दिन बाद पुन: 25 हजार रुपये आय का दूसरा प्रमाण पत्र जारी करवा कर कन्या विद्या धन ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि वहीं, अन्य पात्र छात्राएं प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटकने को मजबूर हैं। इसकी जांच की जाए। एसडीएम ने उन्हें जांच करवाने का भरोसा दिलाया है।