आगरा। टक्कर के बाद ट्रक में स्टील चादर के भारी भरकम बंडल गिरने से उसमें सोए युवक की कुचलकर मौत हो गई। शनिवार सुबह छह बजे घटना के बाद ड्राइवर ट्रक को बीच सड़क पर छोड़कर क्लीनर के साथ भाग निकला। युवक का साथी भी घबराकर खिसक लिया। सेंट जोंस चौराहे से आगे खड़े ट्रक से खून बहता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने क्रेन की मदद से स्टील चादर के बंडलों को हटाकर शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि एक बंडल का वजन एक टन है। सूचना पर मृतक के परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
आगरा कॉलेज मैदान की तरफ सुबह टहलने गए लोगों की नजर खड़े ट्रक पर पड़ी तो वे सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक पर चढ़कर देखा तो वह भी हैरान रह गई। स्टील चादर के भारी बंडलों के बीच एक युवक का शव दबा हुआ था। चेहरा बुरी तरह से कुचल चुका था। उसकी शिनाख्त राजस्थान के मनिया निवासी 22 वर्षीय मनोज पुत्र अमर सिंह के रूप में की गई। सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि मनोज शुक्रवार रात को दिल्ली के बदरपुर बार्डर से घर के लिए रवाना हुआ था। इसके बाद उन्हें शनिवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली। मनोज दिल्ली में ठेकेदारी करता है।
इनसेट
घबराया साथी भी साथ छोड़कर भागा
मनोज का धौलपुर निवासी साथी रामकिशोर भी ट्रक में सवार था। पोस्टमार्टम हाउस में उसने बताया कि वे पैसे बचाने के लिए बदरपुर बार्डर से ट्रक में सवार हुए थे। वह ट्रक की केबिन के छत पर सो रहा था, जबकि मनोज ट्रक में बंडलों के पास। सुबह लगभग साढ़े पांच बजे ट्रक अचानक कहीं टकरा गया, जिससे ट्रक में रखे बंडल मनोज के ऊपर गिर गए। उसने ट्रक रुकवाने की काफी कोशिश की लेकिन चालक अपनी धुन में ट्रक भगाता रहा। सेंट जोंस चौराहा के पास ट्रक रोककर उसने चेक किया। युवक को मृत देखकर क्लीनर सहित भाग खड़ा हुआ। वह भी घबरा गया था, जिस कारण वह भी मौके से भाग गया।
बोदला क्षेत्र में पहुंचना था ट्रक
ट्रक आगरा के सेवला स्थित तारा गुड्स कैरियर का है। ट्रक मालिक नरेश शर्मा का कहना है कि ट्रक दिल्ली से माल लादकर ला रहा था। उसे बोदला क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में पहुंचना था। मगर, वह सेंट जोंस चौराहा तक कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि ट्रक तांतपुर निवासी लोकेश शर्मा चला रहा था। वह भी फरार है।