आगरा। मुंबई में आयोजित एक गोष्ठी में ब्रज के विकास की वकालत की गई। कहा गया कि उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में ब्रज क्षेत्र के विकास को नजरअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों की ओर से गठित संस्था उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट फाउंडेशन (यूपीडीएफ) और आब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (आरआरएफ) के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें ब्रज डेवलपमेंट काउंसिल के महासचिव अशोक चौबे ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में ब्रज की महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां का आलू देश विदेश में पसंद किया जाता है लेकिन वैल्यू एडिशन तकनीक, कार्गो हवाईअड्डे व एग्रो पार्क के अभाव में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां कार्गो एयरपोर्ट की महती आवश्यकता है। अध्यात्म की नगरी होने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा न होने से पर्यटक सीधे यहां नहीं पहुंच पाता है। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, शरद त्रिपाठी, हरबंश सिंह ने भी विचार रखे।