आगरा। जिले में 156 जन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों का फायदा यह होगा कि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी। यहां रेलवे रिजर्वेशन कराने से लेकर जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र तक मिल जाएगा। शासन की ओर से इस आशय का पत्र जिला प्रशासन को मिल गया है।
इन जन सुविधा केंद्रों पर कुल 52 प्रकार की सेवाएं मिलेंगी। एक ही स्थान पर रेलवे रिजर्वेशन, मोबाइल रिचार्ज, पैन कार्ड, पासपोर्ट, आय एवं जाति प्रमाणपत्र, वृद्धा व विधवा पेंशन, अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रवृत्ति तथा अन्य प्रकार की सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन किया जा सकता है। शासन का मकसद है कि ग्रामीणों को घर के पास ही तमाम तरह की सुविधाएं मिल जाएं और उन्हें अनावश्यक रूप से तहसील या जिला मुख्यालय का चक्कर न काटना पड़े। प्रदेश शासन का पत्र जिलाधिकारी कार्यालय को सोमवार को प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी ने इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने का मातहतों को निर्देश दिया है। साथ ही केंद्रों के लिए स्थान चयनित करने को कहा है।
ब्लाक केंद्र
अछनेरा 11
एत्मादपुर 10
सीकरी 13
खेरागढ़ 08
बाह 13
फतेहाबाद 16
अकोला 07
बिचपुरी 06
बरौली अहीर 12
खंदौली 08
जगनेर 09
शमशाबाद 12
पिनाहट 09
जैतपुर कला 13
सदर 09