आगरा। गणेश विसर्जन जुलूसों के चलते रविवार को लोगों को जाम से नहीं जूझना पड़ा। छुट्टी का दिन होने के कारण लोग दिन में कम ही निकले। शाम को जरूर कुछेक स्थानों पर ट्रैफिक जाम के हालात पैदा हो गए। उधर, पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन को मंगलवार तक बढ़ा दिया है।
बताते चलें, प्रशासन ने कैलाश घाट, बल्केश्वर और हाथी घाट पर ही मूर्ति विसर्जन तय किया है। रविवार को लोग दयालबाग स्थित पोइया घाट और ताजगंज के दशहरा घाट पर भी विसर्जन करने पहुंच गए। लेकिन पुलिस ने लोगों को लौटा दिया। इसको लेकर श्रद्धालुओं की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। यमुना किनारा रोड की ओर से जाने में लोगों ने परहेज किया। इसका असर एमजी रोड और यमुना किनारा रोड पर देखने को मिला। दिन में ट्रैफिक नहीं फंसा। लेकिन शाम को कुछेक स्थानों पर लोग जाम में फंस गए।
यह रहेगा डायवर्जन
पुलिस प्रशासन ने सोमवार और मंगलवार को ट्रैफिक डायवर्जन किया है। वाटर वर्क्स चौराहे से यमुना किनारा होते हुए शमशान घाट तिराहे तक भारी और हल्के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले टूरिस्ट वाहनों को वाटर वर्क्स चौराहे से भगवान टाकीज, एमजी रोड होकर ताजमहल की ओर निकाला जाएगा। अंबेडकर पुल (नया पुल) से कॉमर्शियल वाहन बेलनगंज यमुना किनारा रोड की ओर नहीं जाएगा। बेलनगंज सीओ छत्ता आफिस यमुना किनारे सड़क पर कोई कामर्शियल छोटा या बड़ा वाहन नहीं जाएगा। बिजलीघर चौराहे से रोडवेज बस, टूरिस्ट वाहन, कामर्शियल वाहन हाथी घाट की ओर नहीं जाएंगे। विक्टोरिया पार्क से कोई भी बड़ा वाहन ट्रैक्टर आदि हाथी घाट की ओर नहीं जाएंगे। विसर्जन जुलूसों के दौरान यमुना किनारे से डायवर्ट किए जाने वाले वाहन एमजी रोड से होकर गुजरेंगे। हाथी घाट पर आगरा फोर्ट के निकट बैरियर लगाकर केवल जुलूस में शामिल वाहनों को जाने दिया जाएगा। स्ट्रैची ब्रिज रेलवे पुल एत्माद्दौला की ओर से वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।