आगरा। सड़क और नाली बनवाने की मांग को लेकर मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति की अनिश्चितकालीन बंदी चंद घंटों में ही खत्म हो गई। मेयर ने एक महीने में सड़कें और नालियां बनवाने का भरोसा दिलाया तो व्यापारी राजी हो गए और बाजार खोल दिया।
मोतीगंज बाजार की दुर्दशा सुधारने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन बंदी का ऐलान करने वाले व्यापारियों ने गुरुवार सुबह प्रतिष्ठानों के ताले नहीं खोले थे। व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर में मेयर इंद्रजीत आर्य पहुंच गए। व्यापारियों ने उनसे कहा कि सड़क और नाली बनने तक बंदी जारी रहेगी। मेयर ने एक सप्ताह में एस्टिमेेट और एक महीने में काम पूरा होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद व्यापारियों ने प्रतिष्ठान खोल लिए।
मेयर ने निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सूरजपाल वार्ष्णेय को रोड का एस्टिमेट बनाने के निर्देश दिए। धरना प्रदर्शन करने वालों में समिति अध्यक्ष रामप्रकाश अग्रवाल, रमनलाल गोयल, चुन्नीलाल गुप्ता, श्याम कुमार गर्ग, नवीन अग्रवाल, संजीव, आशीष आदि व्यापारी मौजूद रहे।