बाह। यमुना नदी के बीहड़ किनारे बसे बाह के सिधावली गांव में मंगलवार देर रात बदमाशों ने डकैती डाली। बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों को जमकर पीटा। हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाश 50 हजार रुपये, पांच तोले के सोने के आभूषण और अन्य सामान लूट ले गए। पुलिस ने छानबीन के बाद चोरी में मामला दर्ज किया है। इससे पुलिस के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश है।
सिधावली गांव में रामवीर मिश्रा अपनी पत्नी अंगूरी देवी के साथ मंगलवार रात घर में ही सो रहे थे। उनका विकलांग भाई झंडे लाल बाहर के कमरे में थे। आधी रात के बाद वह लघुशंका के लिए घर से बाहर आए तो नौ बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। तमंचा तानकर उनसे दरवाजे खुलवाने को कहा। मना करने पर उन्हें पीटा। झंडेलाल ने दरवाजा खुलवाया। अंगूरी देवी के दरवाजा खोलते ही छह बदमाशों ने उनसे तमंचे के बल पर कुंडल, लांग और अन्य आभूषण उतरवा लिए, जबकि तीन घर के बाहर खड़े रहे। बदमाशों ने तमंचे की बट से रामवीर और अंगूरी देवी को पीटा। इसके बाद तीनों के हाथ पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लूटपाट की। बदमाशों के जाने के बाद चीख पुकार पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोलकर तीनों को बाहर निकाला। परिवारीजनों ने ग्रामीणों के साथ रात में ही थाने पहुंच जानकारी दी। पुलिस ने सुबह छानबीन के बाद मामला चोरी में दर्ज कर लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अंगूरी देवी का मेडिकल तक नहीं कराया।
चीख पुकार पर सरिया से पीटा
कानों से कुंडल उतरवाने के दौरान अंगूरी देवी ने चीख पुकार की तो बदमाशों ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। सरिया से उनके पैरों में कई वार किए।
कुत्ते को किया बेहोश
बदमाशों ने पहले छत से घुसने की कोशिश की थी लेकिन कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया। इस पर बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।