रविवार तक बारिश होने के आसार
18.4 मिमी हुई शुक्रवार को बारिश
225 मिमी बारिश हो चुकी अब तक
33.2 डिग्री अधिकतम तापमान
27.7 डिग्री न्यूनतम तापमान
8 घंटे हुई सुबह शाम तक बारिश
शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। आठ घंटे तक लगातार रिमझिम के दौरान कुल 18.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। जुलाई में अब तक 225 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में तेज बारिश के आसार हैं।
शुक्रवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तेज बारिश हुई। इसके बाद यह रुक-रुक कर होती रही। दोपहर एक बजे से लेकर रात आठ बजे तक अनवरत बारिश होती रही। बारिश के चलते स्कूल से लौट रहे बच्चे भीग गए तो कई जगह जलभराव और कीचड़ हो जाने से जाम लग गया। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिन और रात में पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे पहुंच गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में तेज बारिश के आसार बने रहेंगे। रविवार तक बादलों के छाए रहने और तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। रविवार तक 40 मिमी तक बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है।