इगलास। नगर में अलीगढ़ मार्ग स्थित पीएनबी शाखा में खाता खुलवाकर निकल रही एक छात्रा को तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई है। गुस्साए लोगों ने रोड जाम करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
गांव तेहरा निवासी रचना अपने पिता के साथ नगर में पीएनबी शाखा में खाता खुलवाने के लिए आई थी। खाता खुलवाने का फॉर्म जमा करने के बाद वह बैंक से बाहर निकलकर गांव जाने के लिए रोड पर पहुंच गई। उसके पिता पीछे रह गए। इसी दौरान नगर की ओर से तेज गति से आ रहे टैंकर ने रचना को रौंद दिया। कमल सिंह की बेटी रचना 19 वर्ष अतरौली क्षेत्र के एक विद्यालय से प्राइवेट इंटरमीडिएट कर रही है। इस सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद टैंकर चालक, परिचालक गाड़ी को मौके पर छोड़ कर भाग गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को भी दी गई, लेकिन घटना के काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। वहा मौजूद लोग उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने का हवाला देते हुए अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। उपजिलाधिकारी राजकुमार और सीओ डॉ. संजय वर्मा मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का वादा किया है। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में लिया है।