अलीगढ़ (ब्यूरो)। निकाय चुनावों के लिए टिकट बांटने पहुंचे कांग्रेस के पर्यवेक्षक मदन मोहन शुक्ला के समक्ष टिकट मांगने वालों की भीड़ जा पहुंची। मेडिकल रोड स्थित महानगर कांग्रेस के कार्यालय पर उमड़ी भीड़ और टिकट को लेकर मारामारी जैसी स्थिति देखकर पर्यवेक्षक वहां से एक कांग्रेसी नेता की गाड़ी में बैठे और चुपके से खिसक गए। इसके बाद पर्यवेक्षक ने गोपनीय ठिकानों पर पहुंचकर पार्षद पदों के प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने की कोशिश की। टिकट के दावेदार पर्यवेक्षक की टोह लेते रहे। चरचा है कि कांग्रेस के कुछ दिग्गज किस्म के नेता वार्डो में अपने अपने चेहेतों को उतारना चाह रहे हैं, लेकिन दूसरे दावेदार आड़े आ रहे हैं। स्थिति यह है कि 70 वार्डों में से 15 वार्ड ऐसे हैं, जिनमें चार से पांच दमदार कार्यकर्ता टिकट मांग रहे हैं। पर्यवेक्षक मदन मोहन शुक्ला का कहना है कि अभी चुनाव में समय है, प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। मेयर पद के लिए टिकट की घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के स्तर से की जाएगी।