अलीगढ़। महानगर के एक सिनेमा हॉल में संडे की शाम को फिल्म ‘बर्फी’ देखने गये दर्शकों को पुलिस की मनमानी का शिकार होना पड़ा। शो के दौरान ही उद्घोषणा कर उन्हें बताया कि किसी वरिष्ठ अफसर का सीयूजी नंबर वाला मोबाइल खो गया है, अगर मिला हो तो दे दिया जाये नहीं तो तलाशी होगी। बस फिर क्या था थोड़ी देर के इंतजार के बाद वरिष्ठ अफसर ने इलाका पुलिस को फोन कर दो सिपाहियों को बुला लिया।
शो के छूटने का इंतजार होने लगा लेकिन इस बीच भी मोबाइल का कहीं पता नहीं चला। रात नौ बजे जब शो छूटा तो हॉल से बाहर निकलने के संकरे रास्ते पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान गैलरी में फंसी महिलाओं और बच्चों को उमस में जबरदस्त परेशानी हुई। सिनेमा हॉल के मैनेजर ने इस दौरान अपना पक्ष भी रखना चाहा लेकिन वरिष्ठ अफसर कुछ भी सुनने को राजी नहीं हुए। तकरीबन आधा घंटे तक यह तलाशी अभियान चला लेकिन मोबाइल नहीं मिला। इस मनमानी का कुछ दर्शकों ने विरोध भी किया लेकिन भी सुनवाई नहीं हुई। संडे की शाम का शो होने के कारण ‘बर्फी’ देखने वालों से पूरा हॉल भरा हुआ था। इस संबंध में सिनेमा हाल के प्रबंधक ने बताया कि कुछ देर के लिए दर्शकों को असुविधा जरूर हुई है। गौरतलब है कि उक्त वरिष्ठ अफसर दुपहर तीन बजे के शो में परिवार के साथ फिल्म देखने गए थे। इसी दौरान वहां उनका मोबाइल गुम हो गया।