स्मार्ट सिटी चयन प्रतियोगिता के दो चरणों में बाहर होने के बाद तीसरे चरण के लिए इलाहाबाद ने तैयारी शुरू कर दी है। तीसरे चरण की प्रतियोगिता जनवरी में शुरू होगी और इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर भेजे की समय सीमा मार्च तक निर्धारित है। यूएस ट्रेड डेवलपमेंट एजेंसी इस बार नए सिरे से प्रोजेक्ट बनाने में नगर निगम समेत अन्य विभागों का सहयोग करेगी। बृहस्पतिवार को दिल्ली में यूएस ट्रेड डेवलपमेंट एजेंसी के अफसरों की नगर विकास सचिव, नगर आयुक्त के साथ बैठक इसके लिए योजना तैयार की गई। अमेरिकी विशेषज्ञ शनिवार को इलाहाबाद आएंगे और प्रोजेक्ट तैयार करने में तकनीक के इस्तेमाल आदि पर चर्चा करेंगे।
दूसरे चरण की स्मार्ट सिटी चयन प्रतियोगिता में इलाहाबाद बेहद कम अंतर से बाहर हो गया था। तीसरे चरण के डीपीआर में किसी तरह की कमी न रह जाए, इसके लिए अफसर अभी से तैयारी में जुट गए हैं। दिल्ली में यूपी समेत अन्य प्रदेशों के अफसरों के साथ स्मार्ट सिटी चयन के अगले चरण की प्रतियोगिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इलाहाबाद के स्मार्ट सिटी का डीपीआर तैयार करने में यूएसटीडीए सहयोग कर रहा है। नगर आयुक्त शेष मणि पांडेय, एक्सईएन आशीष शुक्ला एवं आशीष त्रिवेदी, आईटी ऑफिसर मणि शंकर त्रिपाठी एवं सिटी मिशन प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी की मौजूदगी में हुई बैठक में यूएसटीडीए के निदेशक हेनरी एवं इंडिया कंट्री हेड मेहनाज अंसारी से डीपीआर तैयार करने में नए सिरे से सहयोग पर चर्चा की।
तय हुआ कि एजुकेशन लिकेंज प्रोग्राम के तहत नॉलेज केयरिंग कार्यक्रम होगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी एक्सर्प्ट कॉल रेमैगो एवं यूएस एम्बेसी में इकोनामी ऑफिसर डग सोलर शनिवार को इलाहाबाद में अफसरों के साथ बैठक करेंगे। इसमें तकनीक के इस्तेमाल से डीपीआर तैयार करने तथा तकनीक के जरिए डेवलपमेंट में कैसे बेहतर किया जाए, इस पर चर्चा होगी। इसी के आधार पर तीसरे चरण का डीपीआर तैयार होगा।